भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव अब कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। मुंबई में सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने उनके हालिया रिलीज गाने ‘चाची तोहार बाची सपनवा में आती है’ को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। सुरजीत ने खेसारी लाल यादव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 292, 294 और 354 के तहत शिकायत दर्ज कराई है।
सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत सिंह का आरोप है कि अभिनेता ने पैसे कमाने के इरादे से अश्लील और फूहड़ वीडियो बनाए। साथ ही उनका कहना है कि उनके इस गाने की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है। यह समाज में महिलाओं के प्रति अनादर दिखाता है। उनका कहना है कि ऐसे म्यूजिक वीडियोज से समाज पर बुरा असर पड़ता है।
सुरजीत सिंह ने खेसारी के खिलाफ सबूत के रूप में कई स्क्रीनशॉट दिए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बता दें कि खेसारी इससे पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं। साल की शुरुआत में उन पर निर्देशक राजकुमार पांडे को धमकी देने और बदतमीजी करने का आरोप लगा था। निर्देशक ने उनके खिलाफ केस भी दर्ज किया था।
खेसारी लाल यादव के खिलाफ पटना के बुद्धा कॉलोनी थाने में लिखित शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने खेसारी पर धमकी देने से सहित कई गंभीर आरोप लगाये हैं। बुद्धा कॉलोनी थाना प्रभारी कैसर आलम ने बताया कि आवेदन मिला है। शिकायतों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो खेसारी लाल यादव भोजपुरी फिल्मों के साथ म्यूजिक वीडियो बनाते हैं। वो ‘बिग बॉस’ सीजन 13 में भी दिखे थे, हालांकि वो शो से जल्दी ही बाहर हो गए थे। उनका कहना था कि ये शो शायद उनके जैसे लोगों के लिए नहीं है। उन्होंने जो कुछ भी शो में मजेदार किया वो दिखाया नहीं गया। बता दें कि खेसारी लाल यादव फिल्मों की तरह अपने म्यूजिक एलबम के लिए भी चर्चा में रहते हैं। नून रोटी खाएंगे जैसे हिट सांग गाने वाले खेसारीलाल इन दिनों कानूनी पचड़ों और विवादों में आ गए हैं।