लोकगायिका कल्पना पटवारी का नया छठगीत ‘जगत के पालक दीनानाथ’ रिलीज होते ही श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हो रहा है। छठ महापर्व की आस्था, भक्ति और लोकपरंपरा से जुड़े इस गीत को म्यूजिक बॉक्स कल्पना पटवारी ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है। गीत में एक छठ व्रती भगवान सूर्य को संसार का पालनकर्ता मानते हुए अपनी पीड़ा और मन की व्यथा सुनाती है। उसे विश्वास है कि दीन-दुखियों की पुकार सुनने वाले दीनानाथ उसकी अर्जी भी जरूर स्वीकार करेंगे। भक्ति और उम्मीद से सजे इस गीत में निराशा के बीच आशा की किरण तलाशती एक श्रद्धालु की भावनाओं को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया गया है।
छठ गीतमाला ‘ए लिविंग ट्रेडिशन’ के तहत तैयार इस भोजपुरी गीत को कल्पना पटवारी ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल हृदय नारायण झा ने लिखे हैं, जबकि इसकी धुन स्वयं कल्पना पटवारी ने तैयार की है। संगीत संयोजन अर्जित श्रीवास्तव का है। वहीं, गिटार, स्ट्रोक्स और बेस की जिम्मेदारी सुमन बागानी ने संभाली है।
कल्पना पटवारी के अनुसार, इस गीत के माध्यम से छठ व्रती की भक्ति, समर्पण और भगवान सूर्य के प्रति अटूट विश्वास को संगीत के जरिए सामने लाने का प्रयास किया गया है। गीत में व्रती स्वयं को असहाय महसूस करते हुए सूर्यदेव की महिमा और उनकी कृपा से जीवन में सुख-समृद्धि पाने वाले भक्तों का स्मरण करती है। उसे भरोसा है कि जिस तरह सूर्यदेव की कृपा से दुखियों के जीवन में सुख और निराश लोगों के मन में उम्मीद जगती है, उसी तरह उसकी पुकार भी सुनी जाएगी।
छठ महापर्व को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इन्टैक) की ओर से तैयार डोजियर वर्ष 2026 में यूनेस्को को भेजा गया है। इसमें गीतकार हृदय नारायण झा द्वारा संकलित छठगीतों को भी स्थान दिया गया है। इन्टैक की पुस्तक ‘छठगीत (सर्व सौभाग्यदायकम्)’ में मैथिली, भोजपुरी, मगही, अंगिका और बज्जिका की पारंपरिक रचनाओं के साथ हृदय नारायण झा के स्वरचित गीत भी शामिल हैं।
इसी पुस्तक में संकलित सात गीतों को कल्पना पटवारी ने अपनी आवाज में ‘छठ गीतमाला – ए लिविंग ट्रेडिशन’ के रूप में प्रस्तुत किया है। इस संगीतमय श्रृंखला को इस वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर रिलीज किया जा रहा है। ‘जगत के पालक दीनानाथ’ इस श्रृंखला का पहला गीत है। इसके अलावा मैथिली के ‘चारि पहर राति जल थल सेविलहुँ’ और ‘कातिक मास इजोरिया’, भोजपुरी के ‘दरसन माँगीला तोहार’, मगही के ‘छोटी मुटी मालिन बेटी’, अंगिका के ‘छठि मइया अइतई अंगनमा’ और बज्जिका के ‘रिमझिम बुन्दवा बरसि गेल’ को भी इसमें शामिल किया गया है।
पांच भाषाओं की लोकपरंपराओं से जुड़े इन सात छठगीतों को कल्पना पटवारी की आवाज में एक साथ सुनना अपने आप में खास है। यह पहल न सिर्फ छठ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संगीत के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है, बल्कि अलग-अलग भाषाओं में रची-बसी लोकआस्था को एक साझा मंच देने की सुंदर कोशिश भी है।

