Interviews Television

‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में अपनी ‘कुर्सी की पेटी’ बांधे रखने को मजबूर कर देंगे दद्दू प्रसाद

वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में दयानिधि प्रसाद उर्फ ‘दद्दू’ का किरदार निभाकर अभिनेता रवि साह एक बार फिर चर्चा में हैं। राजनीतिक दांव-पेंच खेलने वाले दद्दू के किरदार में विलेन का अंदाज है, लेकिन उसकी बोलचाल और गतिविधियां दर्शकों को हंसने पर भी मजबूर करती हैं। रवि कहते हैं, “दद्दू कॉमेडियन नहीं है, वह है ही ऐसा। उसके नेचर में यह शामिल है। वह विलेन भी है और उसकी एक्टिविटीज देखकर हंसी भी आती है। यही उसे ज्यादा खतरनाक विलेन बनाता है।” रवि साह के मुताबिक किसी भी कहानी में कॉन्फ्लिक्ट यानी टकराव बेहद जरूरी होता है। अलग-अलग किरदारों के बीच होने वाले टकराव ही कहानी में ट्विस्ट और टर्न लाते हैं। उनका कहना है, “विदाउट कॉन्फ्लिक्ट देयर इज नो स्टोरी।” उनके मुताबिक कहानी में हर कलाकार का अपना महत्व होता है और सभी के योगदान से कहानी आगे बढ़ती है।

अबतक आपने ‘दद्दू प्रसाद’ को नहीं देखा तो क्या ही देखा भला…

कई बड़ी फिल्मों और सीरीज में काम करने के बाद इतने सफल होने पर भी रवि साह अपनी सफलता का श्रेय अकेले खुद को नहीं देते। उनका कहना है कि किसी किरदार को दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाने में लेखक, क्रिएटर, प्रोड्यूसर और सबसे बढ़कर दर्शकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। रवि कहते हैं, “अगर मेरा योगदान 20 प्रतिशत है तो बाकी 80 प्रतिशत दर्शकों, लेखक और क्रिएटर का है।” उनके मुताबिक लेखक ने किरदार को गढ़ा, मेकर्स ने उन्हें उसे निभाने का मौका दिया और दर्शकों ने उस किरदार को स्वीकार किया। सीरीज के किरदारों के रियलिस्टिक लगने की वजह बताते हुए रवि कहते हैं कि जब किसी स्थापित कलाकार को किसी नए किरदार में देखा जाता है तो दर्शकों के दिमाग में उसके पिछले किरदारों की छवि भी रहती है। ऐसे में वे नए किरदार को भी पुराने काम से जोड़कर देखने लगते हैं। बता दें, ‘ठुकरा के मेरा प्यार-2’ में ज्यादातर कलाकार नए हैं। इसलिए दर्शकों के पास उनके पिछले किरदारों का कोई रेफरेंस नहीं है। रवि के मुताबिक यही वजह है कि दर्शक कलाकार को उसके किरदार के साथ सीधे जोड़ लेते हैं और किरदार ज्यादा रियल लगता है।

बिहार का हूँ, इसलिए ‘दद्दू’ के लिए अलग से कुछ खास नहीं करना पड़ा

‘दद्दू’ के किरदार की तैयारी को लेकर रवि कहते हैं कि इसके लिए उन्हें अलग से बहुत ज्यादा रिसर्च नहीं करनी पड़ी। उनका कहना है, “मैं खुद बिहारी हूं। ऐसे माहौल में पला-बढ़ा हूं। बिहार में राजनीति रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। ऐसे किरदार आसपास मिल जाते हैं।” रवि के लिए ‘दद्दू’ का किरदार इसलिए भी खास है क्योंकि इस भूमिका में उन्होंने पहली बार कॉमेडी और विलेन के अंदाज को एक साथ लेकर काम किया है। यही मिश्रण इस किरदार को बाकी नकारात्मक भूमिकाओं से अलग बनाता है।

पर्दे पर इस राजनीतिक किरदार को निभाने में कोई चुनौती भी लगी?

देखिए, मैं बिहार से हूँ। यहाँ राजनीति जीवन का हिस्सा है, यूँ कहें कि यहाँ लोगों के खून में राजनीति होती है। गली-मोहल्लों से लेकर चौक-चौराहों तक राजनीति पर चर्चा होती रहती है, इसलिए इस किरदार के लिए मुझे बहुत ज्यादा अलग से तैयारी नहीं करनी पड़ी। बचपन से नेताओं को सुनते और देखते आए हैं। मुझे भी कई लोगों ने कहा कि आप नेता के किरदार में एकदम फिट बैठे हैं, लग रहा है आप वाकई विधायक ही हैं। पर, यह तो लोगों का प्यार है कि लोग हमें इतना पसंद करते हैं।

पर्दे के बाद भविष्य में असली राजनीति में भी आ सकते हैं दद्दू प्रसाद!

पर्दे पर एक नेता का शानदार किरदार निभाया है। क्या भविष्य में असली राजनीति में आने का कोई विचार है? इस सवाल पर मुस्कुराते हुए रवि साह कहते हैं यह पूरी तरह परिस्थितियों पर निर्भर करता है। फिलहाल मेरा फोकस अपने करियर पर है, लेकिन आनेवाले समय में अगर जनता का समर्थन मिला, और लोगों की मांग रही और कोई अच्छा अवसर मिला, तो भविष्य में इस दिशा में सोचा जा सकता है। कई कलाकारों ने ऐसा किया है, अच्छा काम किया है।

कोई ऐसा किरदार है जिसे आप आगे करना चाहेंगे?

सच कहूं तो अब मेरी रुचि मुख्य किरदारों की ओर ज्यादा है। पहले छोटे रोल भी किए, लेकिन अब लगता है कि एक मजबूत और पूरे विस्तार वाला किरदार ही अभिनेता की असली क्षमता दिखाता है। जब पूरा किरदार मिलता है, तभी कहानी को सही तरह से निभा पाते हैं और दर्शक भी आपकी पूरी रेंज देख पाते हैं। इतने साल काम करने के बाद अब लगता है कि जो भी चैलेंजिंग रोल मिलेगा उसे बखूबी निभाने की कोशिश करूँगा, जैसा अबतक करते आया हूँ. इस बार भी लोगों ने आपके अभिनय को काफी पसंद किया। अब मैं अपने पहले के रेंज से बाहर निकलकर बड़े किरदार का रोल निभाना चाहता हूँ. इस बार मुझे एक पूरा और मजबूत किरदार मिला। उसी वजह से मैं अपनी क्षमता को बेहतर तरीके से दिखा पाया। अगर कुछ ही दृश्य होते, तो शायद इतना प्रभाव नहीं बन पाता।

दद्दू प्रसाद के बाद अब पर्दे पर किस रूप में धूम मचाएंगे रवि साह?

अक्टूबर में एक नया प्रोजेक्ट आने वाला है। एमएक्स अमेजॉन पर एक नया शो आने वाला है, इसमें भी एक नए और दमदार किरदार में नजर आऊँगा। इसमें भी फुल फ्लेज्ड करैक्टर में दिखूंगा। ‘ठुकरा के मेरा प्यार में दद्दू प्रसाद के रूप में लोगों ने पसंद किया था, और इसमें भगवान की कृपा रही और लोगों का ऐसे ही प्यार रहा तो भैरव को लोग दद्दू से भी ज्यादा प्यार देंगे। बाकी अभी इस शो के बारे में और कुछ नहीं बता सकते हैं, पर इतना जरूर कह सकते हैं कि अपकमिंग शो को भी लोग इतना ही प्यार देंगे। पहले और दूसरे सीजंस की शानदार सफलता के तीसरे सीजन आने की सम्भावना पर रवि कहते हैं कि अभी कुछ भी तय नहीं है, लेकिन सीरीज हिट चल रही है और दर्शकों की डिमांड है। ऐसे में आगे की संभावनाएँ बनी रहती हैं, पर इसपर अभी कुछ भी नहीं बता सकते, क्योंकि अभी तो लोग दूसरा सीजन ही देख रहे हैं।

Exit mobile version