सुशांत सिंह राजपूत केस में एक और नया मामला जुड़ गया है। दरअसल मुंबई में जांच करने गए बिहार पुलिस के पांच अधिकारियों के खिलाफ बांद्रा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज की गई।
ये शिकायत महाराष्ट्र करणी सेना की ओर से दी गई। शिकायत में बिहार पुलिस के पांच अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। करणी सेना का आरोप है कि बिहार के पुलिस अधिकारियों का कार्यक्षेत्र मुंबई नहीं होने के बाद भी उन्होंने जांच की बल्कि बिहार में हुए एफआईआर मुंबई ट्रांसफर करना चाहिए था। इतना ही नहीं इस सब से महाराष्ट्र और पुलिस की छवि ख़राब हुई है।

मुम्बई जांच करने गए कैसर आलम, निशांत कुमार, मनोरंजन भारती, दुर्गेश और मोहम्मद यासीन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। बांद्रा पुलिस स्टेशन में ऑनलाइन में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच के मामले में सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित कर लिया है। सुप्रीम कोर्ट अब जल्द आदेश जारी करेगा कि जांच मुंबई पुलिस करेगी या सीबीआई?
कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र की करणी सेना ने सुशांत सिंह राजपूत को इंसाफ दिलाने की मांग भी जोर शोर से की थी। इस दौरान करणी सेना ने महाराष्ट्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। दरअसल, महाराष्ट्र सरकार भी यही चाहती है कि मामला मुंबई पुलिस को सौंप दिया जाए और करणी सेना भी यही कह रही है कि पूरा मामला मुंबई पुलिस को ही देखना चाहिए ना कि बिहार पुलिस को।