16 की उम्र से एक्टिंग, 8 साल का संघर्ष और अब साउथ फिल्मों की तैयारी में पूजा झा
Celebrities Stary Side

16 की उम्र से एक्टिंग, 8 साल का संघर्ष और अब साउथ फिल्मों की तैयारी में पूजा झा

Pooja Jha-From Starting at 16 to Chasing Her Dream of Becoming a South Indian Film Star-Filmynism

अभिनय की दुनिया में पहचान बनाना आसान नहीं है। कई कलाकार सालों तक छोटे-बड़े प्रोजेक्ट्स में काम करते हैं, लेकिन उन्हें वह मुकाम नहीं मिल पाता, जिसकी उन्हें तलाश होती है। अभिनेत्री पूजा झा ने अपनी कुछ ऐसी ही संघर्ष भरी यात्रा के बारे में बताया है। पूजा अपने करियर के शुरुआती दिनों से लेकर अपनी नई पहचान बनाने की कोशिशों तक के अनुभव साझा किए हैं। यह भी बताया कि जल्द ही दक्षिण भारतीय फिल्मों में बतौर हीरोइन नजर आएंगी।

16 साल की उम्र में शुरू किया अभिनय का सफर

पूजा झा के मुताबिक, उन्होंने महज 16 साल की उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद करीब आठ साल तक संघर्ष करते हुए उन्होंने थिएटर, टीवी शो, विज्ञापनों, फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया। इस दौरान उन्हें कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने का मौका मिला, लेकिन उनके मन में उस पहचान और अवसर को हासिल करने की चाह बनी रही, जिसकी तलाश में उन्होंने अपना लंबा समय लगाया।

‘साहेब बीवी और गैंगस्टर 3’ से ‘पंचायत’ तक किया काम

पूजा झा अब तक कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं। उनकी फिल्मोग्राफी में ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर 3’, ‘मरजावां’, ‘मिलन टॉकीज’ और ‘नॉइज ऑफ साइलेंस’ जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा वह ‘जामताड़ा’ और ‘पंचायत’ जैसे वेब प्रोजेक्ट्स से भी जुड़ी रही हैं। उनकी अभिनय यात्रा में ‘बिंदिया के बहुबली’ का नाम भी शामिल है।

इन प्रोजेक्ट्स में काम करने के बावजूद पूजा को लगता था कि उन्हें अभी वह मुकाम हासिल करना बाकी है, जिसके लिए उन्होंने वर्षों तक मेहनत की। उन्होंने अपने उसी अधूरेपन और आगे कुछ बड़ा करने की अपनी इच्छा को खुलकर व्यक्त किया है।

अब अपनी अलग पहचान बनाने पर फोकस

पूजा झा ने संकेत दिया है कि वह अपने करियर को नए तरीके से आगे बढ़ाने के लिए लंबे समय से काम कर रही हैं। उनके मुताबिक, वर्ष 2022 से उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाने की दिशा में प्रयास शुरू किए। वह अपने व्यक्तित्व और अभिनय को निखारने के साथ-साथ ऐसे मुकाम तक पहुंचना चाहती हैं, जहां उनकी पहचान केवल उनके काम से बने।

पूजा झा का कहना है कि कलाकार के लिए सिर्फ लगातार काम करते रहना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को सही अवसर और पहचान तक पहुंचाना भी जरूरी है। पूजा अब अपने करियर को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में हैं।

जल्द ही साउथ फिल्मों में दिखने की उम्मीद

अभिनेत्री पूजा झा ने बताया है कि दर्शकों को 2027–2028 के दौरान दक्षिण भारतीय फिल्मों में उनका नया रूप देखने को मिल सकता है। उन्होंने बतौर हीरोइन साउथ सिनेमा में अपनी पारी शुरू करने की इच्छा जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *