बिहार की बेटी और अभिनेत्री ऋषिका सिंह चंदेल एक बार फिर अपनी अदाकारी को लेकर चर्चा में हैं। छठ महापर्व की महिमा, लोक आस्था और गौरवशाली परंपरा को समर्पित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘छठ हमारा गर्व’ रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में ऋषिका सिंह चंदेल मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं। अपने अभिनय के जरिए उन्होंने छठ महापर्व से जुड़ी श्रद्धा, भावनाओं और सांस्कृतिक विरासत को पर्दे पर जीवंत करने की कोशिश की है।
इस डॉक्यूमेंट्री से जुड़ा छठ गीत ‘मांगिला इहे वरदान’ भी रिलीज किया गया है। गीत में छठी मैया के प्रति भक्तों की अटूट आस्था, विश्वास और मनोकामनाओं को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया गया है। यह गीत सागर सरगम म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।
Strike Film Pvt. के बैनर तले बनी इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म के निर्माता सागर श्रीवास्तव हैं, जबकि निर्देशन पूजा जांगिड़ ने किया है। फिल्म में ऋषिका सिंह चंदेल के साथ तिश्या श्री भी अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। इसकी शूटिंग बिहार के औरंगाबाद स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में की गई है, जो छठ महापर्व की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
ऋषिका सिंह चंदेल के लिए यह प्रोजेक्ट महज एक फिल्म और गीत तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी मिट्टी, संस्कृति और लोक परंपराओं के प्रति सम्मान जाहिर करने का एक खास अवसर भी है। इस प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने बिहार की सांस्कृतिक पहचान और छठ महापर्व की महत्ता को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की सराहनीय कोशिश की है।

